(धूमिल की एक कविता ऐसे शुरू होती है- ओ अपराध सी अंधी, पाप सी उजागर, आदम इरादों से बित्ता भर ऊपर उठी हुई पृथ्वी. ये 66 कहानियां ट्विटर पर मिलीं. एक ऐसी साइट पर जहां आप अंग्रेजी के 140 कैरेक्टर्स में अपना रहस्य लिख कर उस भार से मुक्त हो सकते हैं, जो आपको खाये जा रहा है. अजगर पहले तो उन्हें एक वोयरिस्ट की तरह पढ़ता रहा, पर जल्द ही लगा कि रहस्य की हर पंक्ति के पीछे एक जीता जागता संसार है, एक जीती-मरती जिंदगी है. चरित्र हैं. 140 कैरेक्टर के विन्यास में न बांटे के दर्द से छुटकारा पाते हुए. जरूरी नहीं कि यहां जो कहा गया, वह सब कुछ सच हो. पर ये आप भी जानते हैं और मैं भी ये सब कुछ झूठ नहीं है क्योंकि हम सब के सच का कोई न कोई हिस्सा इससे मिलता जुलता है. भले ही ज्यादातर लाइनें अमेरिका से हैं. ज्यादातर रहस्य औरतों के हैं. ज्यादातर उलझनें उन फैसलों के बारे में हैं, जहां जिंदगी दुनिया बनने बनाने की देहरी पर कदम रखती है. और ज्यादातर भयावहताएं एक वाक्य में कही जा सकती हैं, भले ही हम उनके लिखने वालों को कभी नहीं जान पाएंगे सिवा एक नंबर के )36467 अच्छा होता कि मैं अपने पति को कभी न छोड़ती. मैं अपने बच्चों की आंखों में तकलीफ पढ़ सकती हूं. अच्छा होता कि मैं लौट सकती और सब ठीक कर देती.
36538 सबसे बड़ा डर मेरा यह है कि वह जिस शख्स के काबिल है, वह मैं नहीं हूं. मुझे यह खुद को रोज़ बताना पड़ेगा कि मैं वह शख्स बनकर रहूं.
36520 मुझे दस साल लगे अपने एब्यूजिव पति को छोड़ने में. अब वह कसमें खा रहा है कि वह बदल गया है और मुझे वापस चाहता है. आखिर अब न कहने में इतनी दिक्कत क्यों हो रही है.
36428 बीवी, कामकाजी, फुलटाइम स्टूडेंट, पति दूसरी स्टेट में, मुझे न मदद मिलती है न प्यार. भाग जाने के लिए एक सेलिब्रिटी की कल्पना
36423 मुझे बात वहीं खत्म कर देनी थी, जब शादी की रात मेरी बीवी रो पड़ी थी, क्योंकि वह मेरे साथ सोना नहीं चाहती थी. यह 1993 की बात है.
36356 अगर मुझे पता होता कि शादी इस कदर मुश्किल है, तो शादी पैसे के लिए की जाती.
36353 मेरा मंगेतर मुझसे धोखा कर रहा है, मुझे शादी के दो रोज पहले पता चला. मैंने फिर भी उसी से शादी की, क्योंकि मेरा कोई दोस्त नहीं.
36259 बीवी और उसकी सहेली आजकल ज्यादा मिलते जुलते नहीं. मैं असल में भले ही कुछ न करूं, पर मुझे फैंटेसियों से प्यार है.
36198 मेरे पिता का एक सीक्रेट लव चाइल्ड है. मैंने जासूसी कर ये पता लगाया. किसी से नहीं कहा.
36015 मुझे अपनी बीवी से प्यार है, पर मंगलवार की हर रात मैं किसी मर्द के साथ रहता हूं. मैं गे हूं, पर बीवी को नहीं छोड़ सकता.
35948 साल भर पहले मैंने अबार्शन करवाया था. मुझे अभी भी लगता है कि दुनिया में मुझसे बुरा कोई नहीं.
35702 मेरे पति को नहीं मालूम कि मैं अपने थेरेपिस्ट के बारे में सैक्सुअली फैंटेसाइज करती हूं
35589 मेरे साथ रात बिताने का शुक्रिया. खुद को मार डालने का जब मैं मजाक कर रहा था, वह मजाक नहीं था. तुमने मेरी जान बचा ली.
35210 इराक का अपना दौरा खत्म करने के बाद मैं नहीं चाहता कि तुम घर वापस आओ. तुमसे उबरना मेरे लिए जरूरी है और तुम्हारी शक्ल नहीं देखना काफी मददगार होगा.
35176 मैं अपने पति को पोर्नोग्राफी देखने की इजाजत नहीं दे सकती क्योंकि मेरा कहना है कि वह न सिर्फ भद्दा है और फिर औरतों के लिए असम्माननीय भी. पर मैं खुद अकेले में पोर्नोग्राफी देखती हूं.
34969 कई बार चाहता हूं कि मेरी पत्नी मर जाए (चैन से) ताकि मुझे तलाक के कागजों से मुझे उसका दिल न तोड़ना पड़े.
34948 मेरी मां ने अपनी जिंदगी के प्यार को मेरे लिए छोड़ा. अब वह एक नाखुश शादी में तीन और बच्चों के साथ है. मुझे इससे नफरत है.
34896 मेरा पति पोर्नोग्राफी देखता है और मेरा कहीं और चक्कर है. मुझे फिर भी लगता है, उसका धोखा मुझसे बड़ा है.
34804 मेरी नौकरी छूट गई, हम कंगाल हैं और मुझे पता चल गया कि पिछले 6 सालों से मेरा पति मुझसे धोखा फरेब कर रहा था. मैं अपने बच्चों की खातिर खुश रहने का नाटक कर रही हूं.
34725 मैं अपनी बीवी को तलाक दे दूंगा अगर उसने वज़न घटाना शुरू न किया. मैं उसके आलस और मोटापे से थक चुका हूं.
34562 यह लगभग तयशुदा है कि मेरी बीवी मुझसे प्यार नहीं करती.
34201 पहली मुलाकात में तुमने मुझे बता दिया कि तुम इनफर्टाइल हो और मैंने कहा कि मुझे कोई दिक्कत नहीं. पर अब मुझे बच्चे चाहिए.
34195 मैंने अपने पति से धोखा दिया. तब वह अफ़गानिस्तान की जंग में था.
34150 मैंने अबार्शन करवाया, क्योंकि मेरा बॉयफ्रेंड ने मजबूर किया..मुझे तभी पछतावा हुआ. 4 माह बाद वह चल बसा. कम से कम बच्चा तो रह जाता.
34120 मेरे पिता मेरी मां से पिछले 26 सालों से धोखा कर रहे हैं. मैं 29 साल की हूं और वे पिछले 49 सालों से साथ हैं. अच्छा होता वह उन्हें पहले ही छोड़ देती .
33868 प्यार में उस औरत के साथ, जो मेरे प्यार में हैं. शादीशुदा, बाल बच्चेदार, कोई परवाह नहीं.
33552 सोचती हूं मुझे पति से ज्यादा प्यार अपने पपी से है. उसमें कोई दिक्कत नहीं है, पर पपी कितना बेशकीमती है.
33524 जब मेरे बच्चे मुसीबत लगने लगते हैं, तो मैं इनफर्टिलिटी ब्लॉग्स पढ़ती हूं और खुद को फिर भाग्यशाली मानने लगती हूं.
33516 मैं उसे छोड़ना चाहती हूं पर मैं ऐसा करूंगी नही. मैं नहीं चाहती बच्चों को इस सबसे गुजरना पड़े.
33326 मुझे अपनी बीवी से अब बिल्कुल प्यार नहीं. मैं शादी से बाहर आना चाहता हूं, पर मुझे डर अपनी बेटी को लेकर हैं.
33224 हमसे अलग औऱ दूर रह रहे डैड से मैंने कहा कि आई लव हिम, ताकि वे मुझे कार खरीदने का पैसा दे सकें.
33051 मैं कई बार उस पैसे को खर्च करने के तरीकों के बारे में फैटेसाइज करती हूं, जो मेरे पति के मरने पर बीमा वालों से मिलेगा.
32968 मुझे कैंसर है जिसमें 4फीसदी लोग ही 5 साल से ज्यादा बचते हैं. मैं इतना अकेला हूं और शॉवर में खड़ा होकर मैं रोज रोता हूं.
32920 मुझे पक्का पता है मैं प्रेगनेंट हूं. डर इस बात का कि वह मुझे छोड़ देगा.
32848 मैं 31 एफ हूं, जो अभी भी वर्जिन है. मुझे इस बात का गर्व भी है और शर्मिंदगी भी.
32840 बस अभी ही खत्म हुई मेरे पहले प्यार से घंटे भर लंबी बातचीत. वह इराक में है. अभी भी चिंगारियां हैं हमारे बीच. मैं शादीशुदा, पेट में तीसरा बच्चा. उसकी सगाई हो चुकी है.
32824 मुझे मुहब्बत है उससे जिससे मैं कभी कोई संपर्क नहीं रखूंगा.
32777 इस बात से खीझ है कि मुझे इस काल्पनिक चरित्र (एडवर्ड) से ज्यादा प्यार है बनिस्बत खुद अपने बॉय फ्रेंड के.
37971 मैं 27 का हूं. और मेरे सेलफोन कॉंटैक्ट में तीन लोगों के नंबर हैं. एक तो मेरा खुद ही का है.
31565 मैं सिंगल हूं तीन बच्चों को पाल रही हूं. मेरी मां चाहती है मैं शादी कर लूं. पर मुझे बच्चों को बड़ा करना और सिंगल रहना पसंद है.
31465 मेरा पति मेरी जिंदगी का प्यार है. पर कसम से मैं उसके चेहरे पर हमेशा मुझसे शादी करने और बच्चे करने का पछतावा देखती हूं. मैं मर जाती हूं.
31426 मैं रोज रोती हूं क्योंकि मैं खुद को इतना अकेला महसूस करती हूं. मेरे पति को नहीं पता.
30834 मुझे पता था कि तुम खुद को मार डालने वाले हो.. अच्छा होता तुम्हें रोकने के लिए मैंने कुछ और ज्यादा किया होता.. बजाय तुम्हें तुम्हारी जिद पर छोड़ देने के.
30427 मैंने अपने पति को बता दिया कि मैं लेसबियन हूं, ताकि वह मुझसे तलाक मांगना चाहे. कुछ सालों बाद वह हैरत में पड़ जाएगा, जब मैं दुबारा शादी करूंगी.
30409 जिस इंसान से आप दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, उससे बहस जीतना कितना तकलीफदेह और जीत कितनी खोखली होती है.
30268 मैं इस कदर इन दिनों डरा हुआ हूं कि मेरी कुतिया जल्द ही मरने वाली है और पूरी दुनिया वह इकलौती है, जो मुझसे प्यार करती है.
28629 मुझे लगता है कि मुझे अब मुहब्बत में कोई यकीन नहीं रहा. यह बहुत ही तकलीफदेह है.
28619 पिछले दो सालों में हमने एक बार भी बात नहीं कि पर हर दिन मुझे खुद को तुम्हें फोन करने से रोकना पड़ता है. मिस यू.
27554 मैंने अपनी डायरी में झूठ लिखे. मुझे पता था तुम पढ़ोगे जरूर और फिर उसके बारे में बात भी करोगे. बिना अदलबदल किये. अफसोस कि मेरा अंदेशा सही निकला.
27828 मेरे सबसे पक्के दोस्त ने बस अभी अभी कहा कि बजाय मेरे बॉय फ्रेंड के मैं उससे शादी कर लूं. मैं यह सुनने के लिए सात साल से इंतजार कर रही थी.
27977 आज रात मैं अपने पति से चीट करने वाली हूं. और जो अकेली बात मुझे परेशान कर रही है वह ये है कि मैं परेशान क्यों नहीं हूं इस बात को लेकर.
27456 मुझे फिक्र है कि वह मुझसे वफादार नही रहेगा. उसने अपनी बीवी को मेरे लिए छोड़ा था.
26216 दरअसल ये बच्चा उसका नहीं है.
32716 तुम्हारा एक बेटा है. वह खूबसूरत है.
32695 बीती रात अपने बॉयफ्रेंड से जिदकरके ट्विलाइट फिल्म देखने के बाद मैंने उसे एडवर्ड कहकर पुकारा. तब हम बिस्तर में थे.
32640 तुम्हारा दिये हुए डिजाइनर बॉक्स का इस्तेमाल बतौर एश ट्रे हो रहा है :D उम्मीद है तुमसे जल्दी मुलाकात हो ताकि तुम देख सको कि तुम्हारे बिना मैं कितनी खुश हूं.
32536 मैं पेट से थी, जब मैंने पति को एक औरत के साथ पकड़ा. मैंने गुस्से में अबार्शन करवाया और उससे कहा कि मेरा मिसकैरेज हुआ है.
32510 उसने कहा था कि वह मुझसे शादी करने वाला है. ऐसा बोले हुए भी पांच साल बीत गये.
32451 मेरी गर्लफ्रेंड इम्प्लांट लगवाना चाहती है. मुझे वह जैसी है, ठीक लगती है, पर वह मेरी नहीं सुनती. मुझे लग रहा है कि वह दूसरे मर्दों को इम्प्रेस करना चाहती है.
32222 मुझे हमेशा लगता था कि मेरा बॉयफ्रेंड बदसूरत है और मिसकैरेज होने पर मुझे राहत हुई क्योंकि मैं नहीं चाहती मेरे बच्चे की शक्ल उसके जैसी हो.
32176 मुझे अपने परिवार को ये बताने में डर लग रहा है कि मैंने अपने बेरोजगार पूर्व पति को अपने घर में वापस आने दिया.
32146 मेरा बॉय फ्रेंड मेरी आदतें खराब करता है जो कुछ मुझे चाहिए वह सब खरीदकर. अब उसकी नौकरी नहीं रही, मैं उसे डम्प कर रही हूं. चीयर्स!
32109 अपने पीरियड्स आने की खुशी इतनी पहले कभी नहीं हुई, जैसे आज.
32091 पिछले 13 साल से मैं अपनी पत्नी के साथ हूं औऱ उसके प्यार में डूबा हुआ, पर अक्सर मैं दूसरों के बारे में फैंटेसाइज करता हूं, क्योंकि मैं कभी भी किसी और के साथ नहीं गया.
32020 मुझे जिससे प्यार है, वह एचआईवी पॉजिटिव है और मुझे नहीं पता क्या करना चाहिए.
33583 अगर अबार्शन के लिए न गई होती, तो मैं इन दिनों मां बनने वाली होती।










